August 8, 2026 2:20 am

आगरा: चौकी के अंदर नाबालिग छात्र की पिटाई, दो दरोगा निलंबित

पूछताछ के बहाने थाने बुलाए गए 15 वर्षीय छात्र को दी गई थर्ड डिग्री, हाथ में हुआ फ्रैक्चर
ताऊ से चौकी में मांगी गई थी 10 हजार रुपये की घूस

ए अहमद सौदागर लखनऊ।यूपी के आगरा जिले में पुलिस चौकी के भीतर नाबालिग छात्र की कथित पिटाई का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। आरोप है कि पूछताछ के बहाने बुलाए गए 15 वर्षीय छात्र को थर्ड डिग्री दी गई, जिससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया। मामले में दो दरोगाओं को निलंबित कर दिया गया है।

घटना उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के किरावली थाना क्षेत्र स्थित मिढ़ाकुर पुलिस चौकी की है। जानकारी के मुताबिक नानपुर गांव निवासी करन (15) का 18 फरवरी की शाम गांव के ही एक युवक से विवाद हो गया था। दोनों पक्षों ने पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद मामला फोन पर शांत करा दिया गया।

बताया गया कि 20 फरवरी को हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा देकर लौटे करन को चौकी पर तैनात दरोगा अनुराग और इशांत पूछताछ के लिए साथ ले गए। आरोप है कि पूछताछ के बाद दूसरे पक्ष को छोड़ दिया गया, जबकि करन को रोक लिया गया। परिजनों का कहना है कि जब उसके ताऊ चौकी पहुंचे तो उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई। रकम न देने पर छात्र को कथित तौर पर बांधकर डंडे और पट्टे से पीटा गया।
शाम को घर लौटने पर करन दर्द से कराहता रहा। अगले दिन डॉक्टर से जांच कराने पर हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। चोट के कारण वह बोर्ड परीक्षा नहीं दे सका। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने दोनों आरोपित दरोगाओं को निलंबित कर दिया है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज करने का भरोसा दिया है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!