30 हजार और 10 हजार की ले रहे थे रिश्वत
ए अहमद सौदागर लखनऊ।भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आज दो जिलों में बड़ी ट्रैप कार्रवाई की। आजमगढ़ और कानपुर इकाई ने अलग-अलग छापा मारकर 30 हजार और 10 हजार की रिश्वत लेते 4 लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की आजमगढ़ इकाई को बलिया के सर्वजीत निवासी ग्राम व पोस्ट टकरसन, थाना बासडीह रोड ने शिकायत की थी कि उसकी भाभी की आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर नियुक्ति और रुका वेतन निकलवाने के एवज में कार्यालय में तैनात कर्मचारी पैसे मांग रहा है।
इस शिकायत पर निरीक्षक संतोष कुमार दीक्षित के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय के पास से कनिष्ठ सहायक नन्द कुमार भारती (कार्यालय बाल विकास परियोजना अधिकारी, वि.ख. हनुमानगंज, बलिया) पुत्र निवासी मिड्ढा, थाना फेफना, बलिया को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। विधिक कार्रवाई की जा रही है।दूसरी कार्रवाई कानपुर इकाई ने की। इटावा के ओमशरण निवासी ग्राम मोहनपुर राहिन, थाना चौबिया ने शिकायत की थी कि उसके खिलाफ दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र को समाप्त करने के लिए खाद्य एवं रसद विभाग के लोग पैसा मांग रहे हैं।निरीक्षक अर्चना शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने जिला पूर्ति कार्यालय, इटावा में ट्रैप लगाया और तीन लोगों को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। पकड़े गये लोगों में योगेश कुमार वर्मा (पूर्ति निरीक्षक) निवासी ग्राम प्रतापपुर, थाना लालगंज, रायबरेली व धर्म नारायण (राशन डीलर, चकवा बुजुर्ग) निवासी चकवा बुजुर्ग, थाना बसरेहर, इटावा व पुष्पेन्द्र कुमार (ब्लाक इंजीनियर, ओसिस प्राइवेट लिमिटेड, चेन्नई) निवासी मोहब्बत जसोहन, थाना जसवंतनगर, इटावा शामिल हैं।भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





