अंबेडकरनगर की युवती ने धमकाया, वर्दी उतरवा दूंगी और रेप के मामले में फंसा दूंगी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। पुलिस पुलिस कांस्टेबल द्वारा खुदकुशी किए जाने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आलमबाग थाने में तैनात कांस्टेबल बालकिशन के भाई ने अंबेडकरनगर की युवती पर ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि युवती उस पर शादी का दबाव बना रही थी। उसे झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दे रही थी। इसी से परेशान होकर बालकिशन ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस अब मोबाइल चैट्स और कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए जांच कर रही है।
कांस्टेबल के भाई मनवीर सिंह ने तहरीर में बताया कि बालकिशन आलमबाग थाने में तैनात थे और इंस्पेक्टर की गाड़ी चलाते थे। वह बरहा कॉलोनी भीमनगर में अपने साथी सिपाही विनोद के साथ किराए के कमरे पर रहते थे। घटना का खुलासा तब हुआ जब शुक्रवार दोपहर परिजन बाल कृष्ण को फोन कर रहे थे, लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं कर रहे थे। घबराकर परिजनों ने उसके रूममेट विनोद को फोन किया। जब विनोद कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था।
कांस्टेबल के भाई ने तहरीर में बताया कि बालकिशन की दोस्ती कुछ समय पहले अंबेडकरनगर की रहने वाली युवती से फेसबुक के जरिए हुई थी। युवती ने धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाईं और उसके कमरे तक आने लगी। इस दौरान उसने शादी का दबाव बनाया और महंगे सामान, ज्वैलरी के साथ मोटी रकम भी ऐंठी। बालकिशन की शादी अलीगढ़ में तय हो चुकी थी। जब उसने युवती को यह बात बताकर शादी से इनकार किया तो उसने बालकिशन को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। युवती उसे लगातार धमकी दे रही थी कि वह उस पर रेप का फर्जी मुकदमा दर्ज कराएगी। उसकी वर्दी उतरवा देगी। इसी मानसिक तनाव और लोक-लाज के डर से बालकिशन ने 12 दिसंबर को अपने कमरे में जान दे दी।
इंस्पेक्टर आलमबाग सुभाष चन्द्र सरोज के अनुसार आलमबाग पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी युवती प्रिया रंजन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।





