1.110 किलो ग्राम अवैध हेरोइन, दो मोबाइल फोन व 5,080 रुपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी में बड़े पैमाने पर अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई धड़ल्ले से की जा रही है। बाराबंकी जिले के चर्चित गांव टिकरा से आने वाले इन मादक पदार्थ के बलबूते ही तस्कर पुलिस के लिए लगातार चुनौती बने हुए हैं। चिनहट थाना क्षेत्र में रविवार को एक तस्कर के पकड़े जाने के बाद यह बात एक बार फिर साबित हो गई है। एएनटीएफ यूनिट गोरखपुर ने इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा की टीम के सहयोग से रविवार को कमता क्षेत्र स्थित सर्विस लेन के पास से वैगनआर कार में रखकर मादक पदार्थ (हेरोइन) लेकर जा रहे एक तस्कर को धरदबोचा। एएनटीएफ टीम के मुताबिक पकड़े गए तस्कर के पास से तलाशी के दौरान 1.110 किलो ग्राम अवैध हेरोइन, दो मोबाइल फोन व 5,080 रुपए की नकदी बरामद हुई है। बरामद हेरोइन की अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत दो करोड़ 22 लाख रुपए बताई जा रही है।
एएनटीएफ यूनिट गोरखपुर प्रभारी उपनिरीक्षक रमेश राम के मुताबिक उनकी टीम ने इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा की टीम के सहयोग से रविवार को मुखबिर की सूचना पर कमता क्षेत्र स्थित सर्विस लेन के पास से बाराबंकी जिले के जैदपुर थाना क्षेत्र स्थित टिकरा मुर्तजा निवासी मोहम्मद वकील पुत्र मोहम्मद शकील को गिरफ्तार किया है।
एएनटीएफ के प्रभारी उपनिरीक्षक रमेश राम के मुताबिक पकड़े गए तस्कर ने पूछताछ में बताया कि वह अपने गांव टिकरा मुर्तजा से लेकर एक बड़े तस्कर के हाथों सौंपने जा रहा।
उपनिरीक्षक रमेश राम का कहना है कि पकड़ा गया आरोपी शातिर किस्म का तस्कर है और यह महंगी कार में अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई करने की बात स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि बरामद अवैध हेरोइन की अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत दो करोड़ 22 लाख रुपए बताई जा रही है।




