328.73 किलोग्राम अवैध गांजा, एक कंटेनर, दो मोबाइल फोन व 1,410 रुपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट गोरखपुर की टीम ने गुरुवार को देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
एएनटीएफ को इनके पास से ट्रक में लदे 328.73 किलोग्राम अवैध गांजा, दो मोबाइल फोन व 1,410 रुपए की नकदी व टाटा कंटेनर बरामद हुए हैं। बरामद अवैध गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ 65 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस महानिरीक्षक एएनटीफ लखनऊ के निर्देशन में मादक पदार्थ की सप्लाई करने वाले गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट गोरखपुर के प्रभारी उपनिरीक्षक रमेश राम की टीम ने गुरुवार को मुखबिर द्वारा मिली सूचना पर देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र से दरभंगा बिहार निवासी अमरजीत मुखिया व बेलवा बाजार थाना महुआ डीह जनपद देवरिया निवासी शैलेश गोड को गिरफ्तार किया है। एएनटीएफ टीम के उपनिरीक्षक रमेश राम के मुताबिक पकड़े गए दोनों तस्करों ने बताया कि असम राज्य से मकई के दाने के बंडल के बीच अवैध गांजा छिपाकर सप्लाई करने के लिए देवरिया जा रहे थे। एएनटीएफ टीम के मुताबिक इस गिरोह में कितने लोग और शामिल हैं इसके बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है।




