एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एक तस्कर को पकड़ा, पंजाब व उसके आसपास क्षेत्रों में करता था बिक्री
2.645 किलोग्राम अवैध स्मैक पाउडर, एक मोबाइल फोन व 560 रुपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। पंजाब राज्य व उसके आसपास क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का राजफाश कर बरेली जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने बरेली जिले के सुभाषनगर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम रौंधी के पास से स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक तस्कर को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पकड़े गए तस्कर के पास से 2.645 किलोग्राम अवैध स्मैक पाउडर, एक मोबाइल फोन व 560 रुपए की नकदी बरामद हुई है।
एएनटीएफ के उपनिरीक्षक विकास यादव के मुताबिक पकड़े तस्कर की पहचान बदायूं जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र स्थित सैजनी गांव निवासी शोभित गुप्ता के रूप में हुई है।
एएनटीएफ टीम ने उसके खिलाफ सुभाषनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एएनटीएफ के उपनिरीक्षक विकास यादव का कहना है कि पकड़े गए तस्कर ने पूछताछ में अपना जुर्म इक़बाल करते हुए कहा कि वह स्मैक पाउडर की सप्लाई का अवैध कारोबार काफी दिनों से करता है और वह पंजाब राज्य व उसके आसपास क्षेत्रों में बेचने की बात स्वीकार किया है। एएनटीएफ टीम के मुताबिक बरामद अवैध स्मैक पाउडर की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में पांच करोड़ तीस लाख रुपए के करीब बताई जा रही है।




