इनके पास से अर्टिगा कार में रखे साढ़े पांच सौ ग्राम हेरोइन, कार, चार मोबाइल फोन व 8900 रूपए की नकदी बरामद हुई
ए अहमद सौदागर लखनऊ। गोरखपुर की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने विभूतिखंड पुलिस के सहयोग से राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड क्षेत्र स्थित शहीद पथ के पास रविवार को तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनकी अर्टिगा कार से साढ़े पांच सौ ग्राम हेरोइन, चार मोबाइल फोन व 8900 रूपए की नकदी बरामद हुई है।
एंटी नारकोटिक्स के अपर पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के निरीक्षक रमेश राम की टीम और विभूतिखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर शहीद पथ से कुछ दूरी पर अर्टिगा कार में रखकर मादक पदार्थ (हेरोइन ) लेकर कहीं सप्लाई करने जा रहे तीन तस्करों बाराबंकी जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र स्थित उस्मा टिकरा गांव निवासी अनस पुत्र इरशाद, उपरोक्त निवासी नासिर अली पुत्र आबिद व गोसाईगंज क्षेत्र स्थित तिकनिया मऊ गांव निवासी मोहम्मद अर्सलान को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है।
वहीं मादक पदार्थ की तस्करी करने में गांव टिकरा फिलहाल काफी दिनों से चर्चा में है रहता चला आ रहा है। गौर करें तो पिछले कुछ दशकों से लेकर आज तक बड़े-बड़े तस्करों को पकड़ कर पुलिस ने सलाखों के पीछे भेजा, लेकिन यह गोरखधंधा बंद होने का नाम नहीं ले रहा है। तीन तस्करों की गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर टिकरा सुर्खियों में है।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के निरीक्षक रमेश राम के मुताबिक इनके पास से साढ़े पांच सौ ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ पचास लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विभूतिखंड थाने में दाखिल किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।




