मणिपुर से कच्चा माल मंगवाकर ब्राउन सुगर बनाकर यूपी के अलग-अलग जिलों में करती सप्लाई
ए अहमद सौदागर लखनऊ। ठाकुरगंज क्षेत्र के फरीदपुर से एसटीएफ की टीम ने काफी दिनों से मादक पदार्थ (ब्राउन सुगर ) की सप्लाई करने वाली 50 हजार रुपए की इनामी महिला तस्कर नसरीन बानो उर्फ बादाम को गिरफ्तार किया है। इससे पहले एसटीएफ टीम ने इस गिरोह से जुड़े एक तस्कर को जनपद बहराइच से गिरफ्तार किया था।
एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक अमित कुमार तिवारी की टीम ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त महिला तस्कर को ठाकुरगंज क्षेत्र स्थित फरीदपुर के पास से गिरफ्तार किया है।
उपनिरीक्षक अमित कुमार तिवारी के मुताबिक पकड़ी गई महिला तस्कर नसरीन बानो उर्फ बादाम राजधानी लखनऊ के मदयेगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला खदरा बड़ी पकड़िया की रहने वाली है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार महिला मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गिरोह की सरगना है और पूछताछ में बताया कि वह इस गोरखधंधे में छह साल से लिप्त है। उपनिरीक्षक अमित कुमार तिवारी ने बताया कि बीते 17 अक्टूबर 2025 को इस गिरोह में शामिल एक तस्कर को बहराइच जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था, जबकि सरगना नसरीन बानो फरार चल रही थी। महिला तस्कर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के आलाधिकारियों ने पचास हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
गिरफ्तार नसरीन बानो उर्फ बादाम ने पुलिस को बताया कि इसका एक संगठित गिरोह है जो मणिपुर से कच्चा माल लाकर उससे ब्राउन सुगर बनाकर बहराइच सहित अलग-अलग जिलों में सदस्यों के माध्यम से सप्लाई करवाती थी।
महिलाओं के भरोसे मादक पदार्थ की तस्करी
सूबे में मादक पदार्थ की तस्करी करने वालों की जड़ें निरंतर मजबूत होती जा रही है। तस्करों और उनके आकाओं ने इस गोरखधंधे की बागडोर महिलाओं के हाथों सौंप दी है। गिरफ्तार नसरीन बानो उर्फ बादाम ने पुलिस के सामने अपना जुर्म इक़बाल करते हुए कहा कि वह पहले बड़े तस्करों के इशारे पर मादक पदार्थ की तस्करी करती, लेकिन कुछ समय बीतते ही वह खुद ही गैंग की लीडर बन गई।




