भाई-भाभी के साथ मिलकर फ्लैट और प्लाट देने के नाम किया था लाखों की ठगी
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने रखा था इनाम घोषित
ए अहमद सौदागर लखनऊ। भाई और भाभी के साथ मिलकर लोगों को फ्लैट और प्लाट दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले 50 हजार रुपए के इनामी जालसाज को यूपी एसटीएफ ने बुधवार को कानपुर जिले के किदवई नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। काफी दिनों से फरार चल रहे जालसाज की गिरफ्तारी के लिए कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने पचास हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव के मुताबिक वर्ष 2021 में कानपुर निवासी भगवती प्रसाद मिश्र ने किदवई नगर थाने में लिखित तहरीर देकर बताया कि जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र स्थित डमरूआ गांव निवासी सुरजीत कुमार ने अपने भाई दिलीप राय बलवानी व भाभी रीता राय के साथ मिलकर कानपुर व लखनऊ सहित यूपी के अन्य शहरों में फ्लैट और प्लाट दिलाने के नाम से ठगी करते हैं। भगवती प्रसाद मिश्र ने एसटीएफ को बताया कि उनसे भी प्लाट दिलाने के नाम पर अलग-अलग खातों में मोटी रकम ऐंठ लिया। पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि काफी समय बीतने के बाद आरोपी सुरजीत कुमार से रूपए वापस देने की बात कही तो वह लोग मारपीट करने पर अमादा हो गए। पुलिस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को तलाश कर रही थी लेकिन वह हाथ नहीं लग रहे थे। ठगी कर फरार चल रहे सुरजीत कुमार की गिरफ्तारी के लिए कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने पचास हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। एसटीएफ टीम ने बुधवार को कानपुर जिले के किदवई नगर थाना क्षेत्र से घेरेबंदी कर आरोपी सुरजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया।




