April 22, 2026 12:41 am

​कम लागत, अधिक मुनाफा: मलिहाबाद के किसानों ने सीखे प्राकृतिक खेती के गुर

मलिहाबाद लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद विकासखंड के ग्राम पंचायत चांदपुर और सुरगौला गांव में मंगलवार को एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ खेती के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक विकास अधिकारी (कृषि) मानवेंद्र सिंह ने की। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए प्राकृतिक खेती के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित हो रही है, जबकि प्राकृतिक खेती अपनाकर किसान न केवल मिट्टी की सेहत सुधार सकते हैं, बल्कि उत्पादन की गुणवत्ता भी बढ़ा सकते हैं।

मानवेंद्र सिंह ने किसानों को जीवामृत, घनजीवामृत, बीजामृत जैसी तकनीकों की जानकारी दी और इनके प्रयोग के तरीके भी समझाए। साथ ही, उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कृषि योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया, ताकि किसान इनका लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर खंड तकनीकी सहायक विमल सिंह सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे। किसानों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और प्राकृतिक खेती को अपनाने में रुचि दिखाई।

56
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!