August 8, 2026 2:19 am

कालीचरण पी.जी. काॅलेज में ’वार्षिकोत्सव -2026’ का आयोजन 

लखनऊ। (संवाददाता) कालीचरण पी.जी. काॅलेज में ’वार्षिकोत्सव -2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उ0 प्र0 विधान सभा के मा0 अध्यक्ष सतीश महाना ने दीप प्रज्ज्वलन करके किया। अपने उद्बोधन में महाना ने कहा कि शिक्षा की आवश्यकता सभी जगह होती है। टेक्नालाॅजी के कारण जो नया युग आ रहा है, हमें उसके साथ समन्वय स्थापित करना होगा। पहले पीढिायाँ जहाँ 20-25 वर्ष में बदलती थीं, अब नई जनरेशन 25 वर्ष का समय नहीं लेती । नई पीढ़ी का ध्यान राष्ट्र की ओर आकृष्ठ करते हुए आपने कहा – हमें अपने संस्कार और संस्कृति को जीवित रखना होगा, वही हमारी पहचान हैं। उन्होंने युवाओं को सावधान करते हुए कहा कि जीवन के कीबोर्ड में डिलीट करने का कोई ऑप्शन नहीं होता, हमारे द्वारा की गई एक भी गलती जीवन भर चिपकती है। विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का मंत्र देते हुए कहा कि वर्तमान युग प्रतिस्पर्धा का युग है। सदैव आगे बढ़ने का प्रयास करना, लेकिन किसी को हराने का काम नहीं करना, वरना पीछे छूट जाओगे।

इस अवसर पर महाना जी ने श्रद्धेय लालजी टण्डन ’बाबू जी’ को स्मरण करते हुए कहा कि वो हमारे मार्गदर्शक थे। मै उनकी छाया में राज्यमंत्री रहा। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि, मा0 सदस्य, विधान परिषद श्री गोविन्द नारायण शुक्ला जी ने अपने सम्बोधन में युवा पीढ़ी को व्यवहार, संस्कार और रोजगारोन्मुुख शिक्षा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षको से आवाहन किया कि छात्रों की गुणवत्ता परख कर उनका मार्गदर्शन करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय, लखनऊ के कुलपति महान शिक्षा विद् प्रो0 जे.पी. सैनी ने अपने सम्बोधन में विद्यार्थियों को व्यवहार में बदलाव लाकर व्यक्तित्व को निखारने पर बल दिया। आपने कहा समय महत्वपूर्ण है जिसका सदुपयोग करें और मोबाइल आदि से अपने समय को बचाकर खेलकूद, योग आदि छेत्रों में आगे बढ़ें। महाविद्यालय की प्रबन्ध समिति के प्रमुख सदस्य सामाजिक कार्यकर्ता अमित टण्डन ने महाविद्यालय के विकास में बाबू जी के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि इस महाविद्यालय को उच्च शिक्षण संस्थानों में अग्रणी बनाना उनका सपना था। जिसकी ओर महाविद्यालय अग्रसर है।

महाविद्यालय के प्रबन्धक इं0 वी0के0 मिश्र ने सभी सम्मानित अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आदरणीय बाबू जी 30 वर्ष से अधिक समय तक प्रबन्ध समिति के सदस्य रहे और इस संस्था को वर्तमान स्वरूप प्रदान करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसे गोपाल टण्डन ने आगे बढ़ाया। हमारा प्रयास भी इस संस्था को उन्नति के शिखर पर ले जाना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सतीश महाना के व्यक्तित्व और कार्यशैली की चर्चा करते हुए आपने कहा कि विधान सभा में जिस प्रकार पक्ष-विपक्ष आपकी ओर देखते हैं उसी तरह हम भी आपसे मार्गदर्शन प्राप्त करते रहेंगे। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो0 चन्द्र मोहन उपाध्याय ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी का मार्गदर्शन महाविद्यालय के सतत विकास के लिए संजीवनी का कार्य करेगा।

इस अवसर पर महाविद्यालय की पत्रिका ’वाणी’ का विमोचन अतिथियों के द्वारा किया गया। साथ ही विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं दे रहे महाविद्यालय के पूर्व छात्रों- डाॅ0 सौरभ मौर्य, भारत भारती, डाॅ0 अखिलेश सिंह, गिरिधर गोपाल गुप्ता, सोमेश कुमार और रूप कुमार शर्मा का सम्मान भी मुख्य अतिथि के द्वारा किया गया। महाविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों में मौली दीक्षित को बैंक-पी0 ओ0 में चयन होने के लिए, महिमा गुप्ता को राजस्व परिषद में चयनित होने के लिए और प्रशांत गुप्ता को यू0जी0सी0 नेट हिन्दी की परीक्ष उत्तीर्ण करने के लिए मेडल देकर महाविद्यालय ने सम्मानित किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सफल प्रस्तुति महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा की गयी, जिसका नेतृत्व सांस्कृतिक समिति की समन्वयक डाॅ0 अल्का द्विवेदी जी ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो0 मनोज कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण और भारी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!