August 8, 2026 2:19 am

कृषि विभाग के सहायक विकास अधिकारी मानवेंद्र सिंह की अगुवाई में फार्मर रजिस्ट्री अभियान कार्यक्रम का आयोजन 

मलिहाबाद लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ की विकासखंड मलिहाबाद में मंगलवार को फार्मर रजिस्ट्री अभियान को गति देने के लिए कृषि विभाग ने सक्रिय पहल की है। सहायक विकास अधिकारी मानवेंद्र सिंह ने क्षेत्र के सीएससी केंद्र संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें किसानों की फार्मर रजिस्ट्री शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इस कार्य में कृषि खंड तकनीकी प्रबंधक, तकनीकी सहायक रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, पंचायत सचिव भी गांवों में जाकर फार्म रजिस्ट्री को लेकर किसानों को जागरुक कर रहे हैं।

यह बैठक भतोइया, कसमंडी खुर्द, कसमंडी कला, कटौली, सेंधरवा और गौंदा मोअज्जम नगर सहित कई गांवों के सीएससी संचालकों की उपस्थिति में हुई। मानवेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री शासन की प्राथमिकता है। इससे किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।

उन्होंने सभी संचालकों को अपने-अपने गांवों में शिविर लगाकर अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सिंह ने चेतावनी दी कि रजिस्ट्री के अभाव में किसानों को भविष्य में मिलने वाले अनुदान, बीमा और अन्य कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई हो सकती है।

अधिकारी ने अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। बैठक के दौरान संचालकों को तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी दी गई और संभावित समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा हुई। कृषि विभाग ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!