लखनऊ। विकासखंड चिनहट के सभागार में कृषि विभाग द्वारा कृषकों को नवीनतम कृषि संबंधी जानकारी देने हेतु कृषि सूचना तंत्र के सुदृढीकरण विषयक गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता माननीय ग्राम प्रधान सिकंदरपुर खुर्द एवं खण्ड विकास अधिकारी द्वारा की गई। उक्त गोष्ठी में श्रीमती अभिलाषा सिंह सहायक विकास अधिकारी कृषि द्वारा कृषकों को रबी फसलों में समसामयिक क्रियाओं के साथ-साथ फसल बीमा, फार्मर रजिस्ट्री एवं अन्य जानकारी प्रदान की गई, सहायक विकास अधिकारी द्वारा कृषकों को फसल बीमा से होने वाले लाभ व कृषकों की फसल में असामयिक मौसम परिवर्तन आदि से होने वाली हानियों से बचने के लिए फसल बीमा की आवश्यकता की जानकारी देते हुए कृषकों को फसल बीमा कराने हेतु जागरूक किया गया।
रबी फसलों में नाइट्रोजन वाले उर्वरकों को संतुलित मात्रा में प्रयोग करने हेतु कृषकों को जागरूक किया गया साथ ही कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही कृषक उत्पादक संगठन में जुड़ने की प्रक्रिया संगठन बनाने के लाभ व कृषकों को आत्मनिर्भर निर्भर बनने हेतु कृषक उत्पादक संगठन की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। श्री महेंद्र सिंह प्रगतिशील कृषक द्वारा कृषकों को जैविक खेती व प्राकृतिक खेती के बारे में जानकारी दी गई।
जैविक खेती से मानव व पशुओं के स्वास्थ्य सुधार के बारे में जानकारी दी गई। अनुदानित बीजों के बारे में जानकारी दी गई तथा निशुल्क प्राप्त होने वाली मिनी किट को प्राप्त करने, बुक करने की प्रक्रिया के बारे में पूर्ण जानकारी दी गई तथा कृषकों को कृषि विभाग द्वारा अनुदानित दर पर उपलब्ध कृषि रक्षा रसायन व बीजों को प्रयोग करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। उक्त कार्यक्रम में कु अनुराधा, सतीश चंद्र तिवारी, कृष्ण अवतार और दिनेश द्वारा प्रतिभाग किया गया तथा विकासखंड के लगभग 100 से 110 कृषकों द्वारा प्रतिभाग किया गया। अंत में सहायक विकास अधिकारी, कृषि द्वारा सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।




