August 8, 2026 4:56 am

खुशी में खलल: बच्चे के सीने में गोली लगने से मौत, परिवार में मचा कोहराम 

कृष्णानगर क्षेत्र में हुई घटना का मामला 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। कृष्णानगर क्षेत्र में सोमवार शाम अचानक उस समय हड़कंप मच गया जब जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गए एक 13 वर्षीय मासूम उनैज की गोली लगने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त दक्षिणी सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन कर घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपायुक्त के मुताबिक मृतक परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीन नाबालिग बच्चों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पूरे घटनाक्रम पर एक नजर

कृष्णानगर क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर निवासी 13 वर्षीय उनैज खान सोमवार शाम अपने तीन साथियों के साथ संजीव त्रिपाठी के बेटे के जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गया था। बताया जा रहा है कि जन्मदिन पार्टी में केक कटने के बाद परिवार और आयोजन में शामिल हुए मेहमान खुशी मना रहे थे कि इसी दौरान किसी ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से ट्रांसपोर्ट नगर निवासी उनैज खान घायल हो गया। बताया जा रहा है कि खुशी में झूम रहे लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में खून से लथपथ मासूम को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के मुताबिक इस मामले में जांच पड़ताल की गई तो सामने आया है कि उनैज खान और उसके तीन साथी किसी के असलहे से छेड़छाड़ कर रहे थे कि इसी दौरान ट्रिगर दबने से गोली चल गई। बताया जा रहा है कि बंदूक से निकली गोली उनैज खान के सीने में जा धंसी, जिससे वह लड़खड़ाकर वहीं गिर पड़ा।

मासूम को गोली लगते ही वहां पर भगदड़ मच गई और असलहे से फायरिंग करने वाला मौके से भाग निकले। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि एक कार में पिस्टल रखी थी और बच्चे कार का दरवाजा खोलकर बैठे तो देखा कि पिस्टल रखी हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चे पिस्टल के लिए खींचतान करने लगे, जिससे लोड पिस्टल से फायरिंग हो गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी का कहना है कि घरवालों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज तीन नाबालिग बच्चों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक यह पता नहीं चल पाया था कि कार किस शख्स की थी, जिसमें असलहा रखा हुआ था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!