एक साथ तीन बहनों की दशा देख इलाके में मचा हड़कंप
गेम खेलने के लिए घरवालों ने मना किया तो तीनों ने उठाया भयानक कदम
भारत सिटी सोसाइटी में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। बीते दिनों राजधानी लखनऊ में ऑनलाइन गेमिंग खेलने से मना करने पर एक किशोर ने अपनी मां को मौत की नींद सुला दिया था। यह सनसनीखेज मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि अब गाजियाबाद जिले के भारत सिटी सोसाइटी में रहने वाली 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची व 12 वर्षीय आखी ने बुधवार को बिल्डिंग की नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दीं। एक साथ तीन बहनों के कूदने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन अतुल कुमार, सिंह सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों बहनों को मृत घोषित कर दिया। सहायक पुलिस आयुक्त अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मौके से सुसाइड नोट मिला है जिससे में माता-पिता से माफी मांगते लिखा है कि जिस गेम को छुड़वाना चाहते थे उससे हम लोग बहुत प्यार करते थे। पुलिस अफसरों के मुताबिक इस मामले में कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है। पुलिस मामले की पड़ताल कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद जिले के भारत सिटी सोसाइटी में रहने वाले चेतन राम परिवार के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां निशिका, प्राची और आखी हैं। पुलिस की जांच-पड़ताल में सामने आया है कि तीनों बहनों को ऑनलाइन गेमिंग खेलने का शौक था और आए दिन गेमिंग खेलने में जुटी रहती थीं। बताया जा रहा है कि बेटियों पिता चेतन राम और उनकी पत्नी ने बच्चियों को गेम खेलने से मना किया तो उन्हें माता-पिता की बात नागवार गुजरी और तीनों ने हमेशा के लिए ज़िन्दगी समाप्त करने की ठान ली।
बुधवार रात करीब दो बजे तीनों बहनों ने बिल्डिंग की नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दीं। आंशका जताई जा रही है कि घरवालों ने ऑनलाइन गेमिंग खेलने के लिए मना किया तो तीनों ने खतरनाक कदम उठा लिया और हमेशा के लिए अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।





