हाउस ऑफ रॉयल्स रेस्टोरेंट में भारी हंगामा
ग्राहकों ने दर्ज कराया मुकदमा
ए अहमद सौदागर लखनऊ। गोमतीनगर क्षेत्र स्थित फूड वैली के हाउस ऑफ रॉयल्स रेस्टोरेंट में उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां भोजन कर रहे ग्राहकों की शाकाहारी थाली में मांस का टुकड़ा मिला। प्रयागराज से आए 14 दोस्तों के ग्रुप ने शुद्ध शाकाहारी भोजन का ऑर्डर दिया था, लेकिन परोसी गई थाली में कथित तौर पर मांस और हड्डी का टुकड़ा निकलने से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
प्रयागराज से आए थे 14-दोस्त प्रयागराज के प्रीतमनगर निवासी हेमंत कुमार सिंह अपने 14 साथियों के साथ लखनऊ आए हुए थे। शुक्रवार रात करीब 9बजे सभी लोग गोमतीनगर स्थित फूड वैली के हाउस ऑफ रॉयल्स रेस्टोरेंट में पहुंचे। ग्रुप ने सादा और शुद्ध शाकाहारी भोजन करने की मंशा से डीलक्स वेज थाली सहित अन्य शाकाहारी व्यंजनों का ऑर्डर दिया। खाने के बीच में निकली हड्डी हेमंत के अनुसार, जब सभी दोस्त खाना खा रहे थे, तभी अचानक थाली में मांस और हड्डी का एक टुकड़ा मिला। यह देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
ग्राहकों का आरोप है कि जब उन्होंने इसकी शिकायत रेस्टोरेंट प्रबंधन से की, तो कर्मचारियों ने अपनी गलती मानने के बजाय अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। रेस्टोरेंट के नकारात्मक रवैये से नाराज होकर ग्राहकों ने मौके पर ही हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस को सौंपा मांस का टुकड़ा पीड़ित ग्राहकों ने इस गम्भीर लापरवाही और छल के खिलाफ तत्काल गोमतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। साक्ष्य के तौर पर थाली में मिला मांस और हड्डी का टुकड़ा भी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
हेमंत का कहना है कि रेस्टोरेंट की इस लापरवाही ने उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचाया है। गोमतीनगर पुलिस ने ग्राहकों की तहरीर पर रेस्टोरेंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर गोमतीनगर का कहना है कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। बरामद टुकड़े को जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि पुष्टि हो सके कि वह किस चीज का मांस है। रेस्टोरेंट के सीसीटीवी फुटेज और किचन की स्वच्छता मानकों की भी जांच की जा सकती है।




