सीतापुर। ग्राम बरातपुर ब्लाक महोली जिला सीतापुर के प्राथमिक विद्यालय में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नागरिक सुरक्षा सेक्टर वार्डन एवं आपदा मित्र आशीष कुमार रहे । प्रधानाध्यापक श्री हिमांशु वाजपेई जी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर आपदा मित्र आशीष कुमार जी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए ग्रामीणों और बच्चों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आशीष कुमार ने कहा, “आज का दिन हमें उस महान संविधान की याद दिलाता है जिसे बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपनी दूरदर्शिता से सींचा था। यह संविधान ही है जो हमें अधिकार और सुरक्षा की गारंटी देता है। बाबा साहब ने एक ऐसे सशक्त भारत का सपना देखा था जहाँ हर नागरिक जागरूक हो। उनके दिखाए रास्ते पर चलकर ही हम एक अनुशासित और सुरक्षित समाज का निर्माण कर सकते हैं।”
एक आपदा मित्र के रूप में आशीष कुमार ने छात्रों और अभिभावकों को आपातकालीन स्थितियों से निपटने के व्यावहारिक तरीके समझाए। उन्होंने बताया कि आग लगने पर जमीन पर लेटकर बाहर निकलना , बिजली कड़कने पर पेड़ के नीचे न रुकना और उकड़ू पोजीशन में बैठना और प्राथमिक चिकित्सा के छोटे-छोटे तरीके कैसे किसी की जान बचा सकते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य और तकनीक से काम लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक गण ने आशीष कुमार के प्रयासों की सराहना की। आशीष कुमार ने भावुक स्वर में कहा कि ग्राम पंचायत बरातपुर उनका परिवार है और एक सेक्टर वार्डन के रूप में वे ग्राम पंचायत की सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित हैं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिससे पूरा परिसर ‘ जय हिन्द जय भारत ‘ जय संविधान ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूँज उठा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री हिमांशु बाजपेई ,शिक्षक श्री नवनीत कुमार सिंह, शिक्षामित्र श्री आदित्य कुमार मिश्र,आंगनबाड़ी कार्यकत्री श्रीमती जय देवी रसोईया सहित भारी संख्या में माताएं, छोटे-छोटे बच्चे, युवा और ग्रामवासी उपस्थित रहे।




