पैर में गोली लगते ही दोनों लुटेरे हुए लंगड़े
पुलिस को मौके से अवैध असलहा कारतूस व मोटरसाइकिल बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, पुलिस महानिरीक्षक झांसी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक जालौन के नेतृत्व में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काफी दिनों से आतंक का पर्याय बने बदमाशों की धरपकड़ के लिए जालौन कोतवाली पुलिस का भी एक्शन जारी है। इसी कड़ी में सोमवार रात पुलिस और एसओजी व सर्विलांस की संयुक्त टीम ने टप्पेबाजी और लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो लुटेरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। भागने की कोशिश कर दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है।
जालौन पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि एक गिरोह है जो लूटपाट करने के साथ-साथ टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर कोतवाली जालौन, एसओजी व सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम को इनकी खोज में लगाया गया था।
पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देश पर पुलिस की टीमें सोमवार रात क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी कि इसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि जालौन क्षेत्र के कोंच रोड पर पावर हाउस के पास दो लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए जैसे ही घेरेबंदी की कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग झोंकनी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिससे वह लड़खड़ाकर गिर पड़े।
पुलिस अधीक्षक जालौन के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र स्थित बउआरा गांव निवासी 35 वर्षीय सुनील शाह व उपरोक्त निवासी 21 वर्षीय रोशन कुमार बताया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं जो अन्तर्जनपदीय गिरोह से ताल्लुक रखते हैं। बताया गया कि इनके खिलाफ अलग-अलग थानों में मुकदमा दर्ज है। पुलिस को इनके पास दो अवैध तमंचा, कारतूस व घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई है।





