August 8, 2026 2:23 am

जिला कृषि अधिकारी ने मलिहाबाद के निजी उर्वरक प्रतिष्ठानों का किया औचक निरीक्षण

लखनऊ। जिला कृषि अधिकारी तेग बहादुर सिंह ने शुक्रवार को मलिहाबाद के निजी उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य उर्वरक की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और निर्धारित दरों पर बिक्री सुनिश्चित करना था। जांच के दौरान सभी प्रतिष्ठानों पर उर्वरक का पर्याप्त स्टॉक पाया गया, जिससे किसानों को राहत मिली।

जिला कृषि अधिकारी ने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत की और वितरण रजिस्टर में दर्ज किसानों से फोन पर फीडबैक लिया। किसानों ने पुष्टि की कि उन्हें निर्धारित दरों पर और बिना किसी टैगिंग के उर्वरक मिल रहा है।

निरीक्षण के दौरान जनता खाद भंडार, मौर्या बीज भंडार, माँ लक्ष्मी कृषक सेवा केंद्र, कुलदीप एग्रीकल्चर, लोधी खाद भंडार रहीमाबाद और यादव खाद भंडार रहीमाबाद जैसे प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इन सभी दुकानों पर ई-पीओएस मशीन पर दर्ज स्टॉक और भौतिक स्टॉक में कोई अंतर नहीं पाया गया।

वर्तमान में गेहूं की फसल में यूरिया टॉप ड्रेसिंग का कार्य चल रहा है। कृषि विभाग ने किसानों की आवश्यकताओं को देखते हुए उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की है। दिसंबर माह के लिए यूरिया का निर्धारित लक्ष्य 12,929 मीट्रिक टन था, जिसके मुकाबले 23,785 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है।

किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। किसान किसी भी शिकायत के लिए नियंत्रण कक्ष के नंबर 9198938009 पर संपर्क कर सकते हैं।

जिला कृषि अधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे नियमानुसार, निर्धारित दर पर और बिना टैगिंग के उर्वरक बेचें। उन्होंने चेतावनी दी कि अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस निरीक्षण के दौरान मलिहाबाद के सहायक विकास अधिकारी (कृषि) मानवेन्द्र सिंह भी उपस्थित थे।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!