शादी समारोह के दौरान हुई घटना, दुल्हन के चचेरे भाईयों पर हुई गोलियों की बौछार, दोनों जख्मी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। जौनपुर जिले के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र स्थित खानपुर गांव में रविवार शाम शादी समारोह के दौरान किसी बात को लेकर असलहों से लैस हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो भाईयों को गोली मार दी। गोली चलते ही चंद मिनटों में ही पूरी खुशियां मातम में बदल गई और चारों ओर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना को अंजाम देकर हमलावर मौके से भाग निकले। पुलिस के मुताबिक पीड़ित परिवार की तहरीर पर पड़ोस में रहने वाले वीरू विश्वकर्मा व उसके अन्य साथियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक जौनपुर जिले के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र स्थित खानपुर गांव में रविवार शाम शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर हमलावरों ने दुल्हन के चचेरे भाईयों दीपक सोनकर व पंकज सोनकर को गोली मार दी। यह घटना उस समय हुई जब शादी का माहौल था और घर की दहलीज पर मेहमान जुटे थे कि अचानक गोलियों की बौछार से भगदड़ मच गई। गोली लगते ही दीपक व पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए।
खानपुर गांव में गोली चलने की सूचना मिलते ही सीओ सदर देवेश सिंह, एएसपी ग्रामीण आतिश सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
एएसपी ग्रामीण आतिश सिंह के मुताबिक जांच पड़ताल में सामने आया है कि हमलावरों ने पुरानी रंजिश को लेकर घटना को अंजाम दिया और मौके से भाग निकले। उन्होंने बताया कि इस मामले में पीड़ित परिवार ने जगदीशपुर निवासी वीरू विश्वकर्मा सहित अन्य लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ सदर देवेश सिंह ने बताया कि हमलावरों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।




