रायबरेली जिले के चंदापुर थाना क्षेत्र की घटना
ए अहमद सौदागर लखनऊ। सूबे में सनसनीखेज वारदात होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। रायबरेली जिले चंदापुर थाना क्षेत्र में खेत की रखवाली कर रहे युवा किसान की ट्यूबवेल पर सोते समय कुछ लोगों ने किसी भारी वस्तु से वारकर मौत की नींद सुला दिया।उसका खून से लथपथ शव मंगलवार सुबह चारपाई पर पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक रायबरेली जिले के चंदापुर थाना क्षेत्र का रहने वाला युवा किसान 35 वर्षीय विनीत सिंह उर्फ समर जीत सिंह खेती कर परिवार का जीवन यापन करता था। बताया जा रहा है कि रोज की तरह विनीत अपने ट्यूबवेल पर सोने गया था। मंगलवार सुबह जब कुछ मजदूर धान की कटाई के लिए वहां पहुंचे, तो चारपाई पर विनीत का शव खून से लथपथ पड़ा देख उनके होश उड़ गए। मजदूरों के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
भाई अमरजीत सिंह उर्फ पिंकू सिंह ने बताया कि विनीत पिछले 5 सालों से घर के बजाए ट्यूबवेल पर ही रहता था और वहीं से खेती-किसानी का पूरे परिवार जीवन यापन करता था। घरवालों ने पुलिस को बताया कि हमारे भाई की किसी से कोई रंजिश या दुश्मनी नहीं थी। सुबह जब हमें सूचना मिली तो हम मौके पर पहुंचे। उसके सिर में गहरे घाव थे। किसने इतनी बेरहमी से मारा, कुछ पता नहीं चल पा रहा है।
हत्या की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एएसपी ने बताया कि युवक ट्यूबवेल पर सोया हुआ था, तभी किसी ने उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी। उन्होंने कहा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। किसने हत्या की इसका पता लगाने के लिए स्पेशल टीमें लगा दी गई हैं। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।




