August 8, 2026 2:14 am

ठाकुरगंज में भव्य हिंदू सम्मेलन सम्पन्न, संस्कृति, राष्ट्रभाव और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश

लखनऊ। ठाकुरगंज क्षेत्र में आयोजित भव्य हिंदू सम्मेलन श्रद्धा, सांस्कृतिक गरिमा एवं राष्ट्रभाव के वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। सम्मेलन का संचालन एवं संयोजन एडवोकेट अनुराग पाण्डेय (प्रान्त गंगा समग्र प्रमुख, ठाकुरगंज बस्ती) द्वारा किया गया। सम्मेलन में समाज के विभिन्न वर्गों के सैकड़ों नागरिकों की सहभागिता रही।

सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि स्वामी विवेकानंद गिरी तथा मातृशक्ति के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता गीता पाण्डेय उपस्थित रहीं। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध अखिल भारतीय सह गौ सेवा प्रमुख नवल किशोर रहे।

अपने संबोधन में नवल किशोर ने समाज, राष्ट्र और परिवार से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शुरुआत नागपुर की एक छोटी शाखा से हुई थी, जो आज पूरे देश में सामाजिक समरसता और राष्ट्रसेवा का व्यापक कार्य कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति का मूल्यांकन उसकी जाति, भाषा, संपत्ति या सामाजिक स्थिति के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए। पूरा देश सभी का है और यही भावना सच्ची सामाजिक एकता की पहचान है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता की पहली शर्त है—मन से भेदभाव को समाप्त करना और हर व्यक्ति को अपना मानना।

विशिष्ट अतिथि स्वामी विवेकानंद गिरी ने अपने ओजस्वी वक्तव्य में कहा कि “हिंदू समाज में संगठन नहीं, बल्कि हिंदू समाज का संगठन हो—तभी इस हिंदू सम्मेलन का सफल आयोजन माना जाएगा।” उन्होंने हिंदू समाज में एकता, संगठन और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का आह्वान किया।

सम्मेलन में भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं मूल्यों के संरक्षण, सामाजिक कुरीतियों जैसे जातिगत भेदभाव व सामाजिक विघटन पर विमर्श, राष्ट्रभाव, सेवा और अनुशासन, तथा पंच परिवर्तन के विषयों पर विशेष चर्चा की। कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 12 बजे देशभक्ति गीतों से हुआ।

सूरज मिश्रा, सुधीर,धीरज एवं बबलू की टीम ने देशभक्ति गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके पश्चात आदि गंगा माँ गोमती की आरती एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति वैष्णवी डांस एकेडमी के तत्वावधान में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का निर्देशन नेहा वर्मा ने किया। प्रस्तुति में तान्या सक्सेना, वैष्णवी वर्मा, परी वर्मा, शान्वी सिंह, आराध्या वर्मा एवं चेष्ठा श्रीवास्तव ने भाग लिया।

सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद गिरी, नवल किशोर, गीता पाण्डेय, निरंकार नाथ दीक्षित, रमाकांत, एडवोकेट अनुराग पाण्डेय, पारस एवं विनोद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार गौरी शंकर तिवारी, शिव शंकर तिवारी, उमाशंकर द्विवेदी एवं मनोज द्वारा किया गया।

मंच पर महामंडलेश्वर स्वामी हरि प्रकाश जी (बड़ा उदासीन अखाड़ा), श्री महावीर गिरि जी (महंत, श्री कल्याणगिरि मंदिर) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वयोवृद्ध समाजसेवी श्री निरंकार नाथ दीक्षित ने की।

अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। कार्यक्रम के अंत में भारत माता की आरती सम्पन्न हुई तथा राष्ट्र एवं समाज कल्याण के संकल्प के साथ सम्मेलन का समापन किया गया।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!