मलिहाबाद। मलिहाबाद में दोस्ती की एक हृदयविदारक मिसाल देखने को मिली जहां एक दोस्त की मौत से आहत होकर दूसरे युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। यह घटना फरीदीपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर हुई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सागर गौतम के रूप में हुई है जो मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
बुधवार सुबह उसके बचपन के दोस्त मनीष रावत आम तोड़ने बाग जा रहा था तभी तेज रफ्तार ट्रक लखनऊ की तरफ से आ रहा था ओवरटेक करते समय सड़क के किनारे पैदल चल रहे मनीष की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी। मनीष की मौत की खबर सुनते ही दोस्त सागर गहरे सदमे में चला गया। मौके पर पहुच विलाप करने लगा और रोड पर आ रहे दूसरे ट्रक के सामने कूदने का प्रयास किया लेकिन ट्रक चालक की सूझबूझ से हादसा टल गया।
दोस्त के बिछड़ने के गम को सहन न कर पाने के कारण सागर अपने घर से लगभग एक किलोमीटर दूर फरीदीपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और वहां उसने एक तेज रफ्तार ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही सागर के परिजन मौके पर पहुंचे जहां उन्होंने अपने बेटे का शव देखा। कुछ घंटों बाद जीआरपी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सागर के परिवार में उसके पिता गंगा, बहनें सपना और नेहा, और भाई जमुना, सावन, कालू और कल्लू हैं। इस दुखद घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और लोग दोनों दोस्तों के बीच के गहरे रिश्ते की चर्चा कर रहे हैं।




