हुसैनगंज क्षेत्र में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। मुख्यमंत्री और डीजीपी राजीव कृष्ण के तमाम कोशिशों के बावजूद राजधानी लखनऊ में पतंगबाजों का आतंक थम नहीं रहा है। पतंग उड़ाने वाले पतंगबाजों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस के आलाधिकारियों ने ड्रोन कैमरा उड़ाया और जगह-जगह दबिश दी, लेकिन इसके बावजूद भी चाइनीज मांझे से जानलेवा हमले की घटनाओं का सिलसिला बदस्तूर जारी है जो थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिनों मांझे की धार से कटकर एमआर मोहम्मद शोएब की गला कटकर हुई मौत और कई लोगों के घायल होने का मामला थमा भी नहीं था कि गुरुवार को हुसैनगंज थाना क्षेत्र में चाइनीज मांझे की धार की चपेट आकर दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक रामखेलावन व प्रणव यादव नाम के शख्स जा रहे थे कि जैसे ही हुसैनगंज इलाके में पहुंचे कि तभी चाइनीज मांझा गर्दन में फंस गया। इस हादसे में मांझे की धार से गला और नाक कट गया। यह माजरा देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गर्दन और नाक पर कपड़ा बांधकर दोनों लोगों को पुलिस के सहयोग से अस्पताल पहुंचाया। मांझे की धार तेज थी, लेकिन गनीमत रही कि दोनों लोगों की जान बच गई।




