लखनऊ। अरविंद पार्क पथ विक्रेता समिति द्वारा आज अरविंद पार्क (निकट मुंशी पुलिया), लखनऊ में “पथ विक्रेता जागरूकता सम्मेलन” का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य पथ विक्रेता अधिनियम 2014 के अंतर्गत पथ विक्रेताओं को प्राप्त अधिकारों, सुरक्षा एवं वैधानिक प्रावधानों की जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पथ विक्रेताओं ने भाग लेकर अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में श्री शशि सौरभ तिवारी (अधिवक्ता, हाई कोर्ट) उपस्थित रहे। उन्होंने पथ विक्रेता अधिनियम 2014 की प्रमुख धाराओं, लाइसेंस/वेंडिंग सर्टिफिकेट, पुनर्वास, सुरक्षा और उत्पीड़न से संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
विशिष्ट अतिथि श्री गोकुल प्रसाद (अध्यक्ष, फूटपाथ व्यापार समन्वय समिति) ने नगर निगम की प्रक्रियाओं और टाउन वेंडिंग कमेटी की भूमिका पर जानकारी दी। विशेष अतिथि श्री अशोक गुप्ता (सदस्य, टाउन वेंडिंग कमेटी, नगर निगम) ने पथ विक्रेताओं से संगठित होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक श्री शंभूनाथ गुप्ता (अध्यक्ष, अरविंद पार्क पथ विक्रेता समिति एवं पूर्व जिलाध्यक्ष, लोजपा) ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि पथ विक्रेताओं को सम्मानजनक रोजगार, सुरक्षा और समान अधिकार दिलाना समिति का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि “अपने अधिकारों को जानें, संगठित हों और आवश्यक होने पर संघर्ष करें—कानून आपके साथ है, बस जागरूक होने की आवश्यकता है।”
सम्मेलन में उपस्थित पथ विक्रेताओं ने अपने अनुभव साझा किए और प्रशासन से समन्वय बनाकर समस्याओं के समाधान का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुकेश गुप्ता , सूरज गुप्ता, मोहम्म्द आमिर, रमेश चंद्र शुक्ला, मोहम्मद बिलाल, अवधेश अवस्थी, अहमद रजा, नंदकिशोर वर्मा, लक्ष्मण जी, पिंटू लोधी, इशरत, महेन्द्र मोदी, ऐनुल्लह, आशीष बंटी, अनिल पांडे, हसन रजा, कैफ, राहुल, कृष्णा, राजेश, जगदीश मिश्रा, ओम बाबू साहू, किशोरी लाल, हिमांशु गुप्त, जय प्रकाश गुप्ता, रमन कुमार परशुराम गुप्ता, आकाश, जय प्रकाश, शैलेश त्रिपाठी, बबलू आदि बहुत से पटरी दुकानदार उपस्थित रहे।




