युवक की खोज में एसडीआरएफ के जवानों ने जाल व कांटे डालकर नहर को खंगाला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र स्थित तिकुनिया नहर में बुधवार को 34 वर्षीय सोनू अनियंत्रित होकर नहर में गिर गया। नहर में युवक के गिरकर डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस गोताखोरों और एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ व स्थानीय गोताखोरों ने नहर में कई घंटों तक छानबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। अब पुलिस गुरुवार को भी गोताखोरों की मदद से उसे तलाश करवाएगी। इस दौरान नहर किनारे लोगों का जमावड़ा लगा रहा और सब की नजरें टिकी हुई थी कि अब कामयाबी हासिल होगी, लेकिन देर रात तक सफलता न मिलने पर पुलिस गोताखोरों और एसडीआरएफ टीम के साथ वापस लौट गई।
पारा थाना क्षेत्र स्थित तिकुनिया निवासी 34 वर्षीय सोनू एक चाय की दुकान पर नौकरी करता था। बताया जा रहा है बुधवार को वह नहर किनारे बने बाउंड्री पर बैठा था कि तभी अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा और देखते ही देखते गहराई में समा गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो वह नशे की हालत में था। बताया जा रहा है कि सोनू अविवाहित था और परिवार में उसकी मौसी है। सूचना मिलते ही पुलिस एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने स्टीमर में जाल व कांटा लगाकर तलाश की, लेकिन देर रात तक सफलता नहीं मिली। पुलिस अफसरों का कहना है कि गुरुवार को भी तलाशने का प्रयास किया जाएगा।




