November 4, 2026 10:18 pm

फतेहपुर: खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में विस्फोट, दो मंजिला मकान हवा में उड़ा

हादसे में चार लोगों की झुलसकर मौके पर ही दर्दनाक मौत, तीन लोग गंभीर रूप से घायल 

आसपास के मकानों की दीवारें हिली, आई दरकन 

पुलिस फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर बचाव कार्य में जुटी 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के फतेहपुर जिले में सोमवार को उस समय अचानक हड़कंप मच गया जब एक मकान में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि मकान हवा में उड़ गया और इसकी चपेट में आकर चार लोगों की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मलवा थाना क्षेत्र में हुई है। बताया जा रहा है कि यह मकान सूरज गुप्ता का जहां विस्फोट हुआ।

धमाका इतना अधिक था कि दो मंजिला भवन पूरी तरह से मलबे में बदल गई। आसपास के घरों में दरार आने की बात भी सामने आई है। इसमें चार लोगों की मौत की सूचना आ रही है। वहीं, हादसे में तीन व्यक्तियों के घायल होने का मामला सामने आया है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंची। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के बाद मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद है। सर्च ऑपरेशन लगातार चल रहा है।

गैस सिलेंडर पर खाना बनाते समय हुई घटना

गैस सिलेंडर धमाके के मामले में सीएमओ उदय भान सिंह ने बताया कि हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। घटना में घायल दो का इलाज चल रहा है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि इलाके में लोगों भूकंप जैसा अहसास हुआ। हादसे के कारण पड़ोस के दो घरों में दरार आने की भी सूचना है।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान

फतेहपुर की दर्दनाक घटना का सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे में मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है। सीएम ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया है। साथ ही, उन्होंने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने का भी निर्देश दिया है।

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पुलिस को मामले के संबंध में जानकारी दी गई। लोगों ने जानकारी दी कि इलाके में सिलेंडर फटा है। मलबे में लोग दबे हुए हैं। कुछ लोग घायल हैं। मामले की सूचना मिलते ही लोकल पीआरवी मौके पर पहुंची। स्थानीय थाना की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।

एसपी ने कहा कि मौके पर पुलिस की टीम ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि अब तक मलबे से सात लोग निकाले गए हैं। घटना में चार लोगों की मौत हो गई है। तीन घायल हैं। इसमें एक घायल की स्थिति गंभीर है। उनका इलाज चल रहा है।

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि दो घायल को अधिक चोट नहीं आई है। उनका इलाज चल रहा है। उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। घटनास्थल पर फॉरेंसिक और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद है। सिलेंडर ब्लास्ट के कारणों की जांच की जा रही है।

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के घरों में भी इसका प्रभाव पड़ा है। उन घरों की बीम में दरारें आ गई हैं। हालांकि, उन घरों में रहने वालों को जान-माल का नुकसान नहीं झेलना पड़ा है। एसपी ने कहा कि हमने एसडीआरएफ को मौके पर बुलाया है। मलबे के भीतर कुछ होने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की कार्रवाई शुरू होगी। उन्होंने कहा कि अभी हमने घटनास्थल पर बड़ी लाइटें लगवाई हैं। रात में मलबा हटाने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान वहां लोगों की भी जांच की जाएगी, कोई दबा तो नहीं रह गया है।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!