वाराणसी। बनारस स्टेशन के गेट के सामने सड़क पर चल रहे अवैध वाहन स्टैंड के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 9670705555 पर मिली सूचना के आधार पर त्वरित संज्ञान लेते हुए एसीपी मुख्यालय/ट्रैफिक के नेतृत्व में एसओजी-02 और पुलिस बल ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान यातायात बाधित कर रहे चार अवैध रूप से पार्क चारपहिया वाहन सीज किए गए।
पुलिस आयुक्त द्वारा जारी हेल्पलाइन पर यह शिकायत मिली थी कि बनारस स्टेशन के गेट के सामने सड़क पर अवैध रूप से वाहन स्टैंड का संचालन हो रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद एसीपी ट्रैफिक वाराणसी ने एसओजी-02 टीम व पुलिस बल के साथ तत्काल कार्रवाई की।
मौके पर की गई जांच में सड़क पर अवैध रूप से पार्क किए गए कुल चार चारपहिया वाहन पाए गए, जिनसे स्टेशन क्षेत्र में यातायात बाधित हो रहा था। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इन सभी वाहनों को सीज कर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध पार्किंग और टैक्सी स्टैंड संचालन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने कहा है कि अवैध पार्किंग और टैक्सी स्टैंड संचालन के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि स्टेशन क्षेत्र में सुगम और सुरक्षित आवागमन बना रहे।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना हेल्पलाइन पर दें। प्रशासन का कहना है कि जनसहयोग से ही शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है।




