August 8, 2026 2:21 am

बीकेटी: बिरयानी की दुकान के फ्रीजर में मिला युवक का शव, चार दिन से बंद थी दुकान

हत्या कर शव फ्रीजर में बंद किए जाने की आंशका, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। बीकेटी थाना क्षेत्र के जीसीआरजी कॉलेज के सामने स्थित एक बिरयानी की दुकान में रविवार सुबह एक युवक की लाश मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान विजय पाल के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से अकेला रह रहा था।

फ्रीजर खोलते ही उड़ गए होश

दुकान के मालिक शनि रावत के पिता का देहांत हो गया था, जिसके कारण दुकान पिछले 4 दिनों से बंद थी। जब शनि रविवार सुबह अपनी दुकान खोलने पहुँचा और उसने सामान निकालने के लिए फ्रीजर खोला, तो अंदर युवक का शव देखकर उसके होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि दुकान खुले स्थान पर है और इसमें कोई पुख्ता गेट नहीं है, जिससे कोई भी आसानी से अंदर दाखिल हो सकता था।

पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि

मृतक विजय पाल (35 वर्ष), निवासी किशनपुर मजरा, मदारीपुर, बीकेटी का रहने वाला था

विजय के पिता की मृत्यु हो चुकी है और 5 साल पहले पत्नी से उसका अलगाव हो गया था। वह मजदूरी करके अपना जीवन यापन करता था। परिजनों के मुताबिक, उसे आखिरी बार शनिवार को घर के पास देखा गया था।

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, लेकिन उनकी जांच प्रक्रिया पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जाहिर की पुलिस ने फ्रीजर पर ‘क्राइम सीन’ की पट्टी तो लगा दी, लेकिन उसे असुरक्षित छोड़कर चली गई। वहां पहुँचने वाले लोग सबूतों फ्रीजर और अन्य सामान को छूते रहे, जिससे फिंगरप्रिंट्स और अन्य अहम सुराग नष्ट होने का खतरा पैदा हो गया है।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक फ्रीजर के अंदर कैसे पहुँचा। क्या यह किसी रंजिश के तहत की गई हत्या है और शव को वहां छिपाया गया, या फिर कोई और हादसा? पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!