August 8, 2026 2:15 am

बीबीडी: एक महीने से लापता महिला का मिला शव, हत्या किए जाने का आरोप

भाई ने पति और देवर के खिलाफ कर दर्ज कराया मुकदमा 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत होने की हुई पुष्टि

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। बीबीडी क्षेत्र से लापता कारोबारी की 40 वर्षीय पत्नी पूनम की लाश एक महीने बाद रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा नहर से उतराता मिलने सनसनी फैल गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पूनम की मौत का कारण दम घुटना बताया जा रहा है।

उसके भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति और देवर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक अमेठी जिले के मोहनगंज गडेहरी पूरे बेशन गांव निवासी पूनम की शादी 24 साल पहले गोंडा के परसपुर मरचीर पूरे चौहान गांव निवासी दीप कुमार सिंह से हुई थी। दीप कुमार सिंह इंदिरानगर में परिवार के साथ रहते हैं। निर्माण सामग्री का कारोबार करते हैं। पूनम के अचानक लापता हो जाने की बात कहते हु उन्होंने थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।

सास ने दी एक्सीडेंट की जानकारी

पूनम के भाई भानु प्रताप सिंह के मुताबिक, 29 दिसंबर को पूनम की सास ने फोन कर बताया कि उनकी बहन का एक्सीडेंट हो गया है। परिजन जब लखनऊ पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि पूनम इंदिरा नहर में कूद गई है। सूचना पर पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से नहर में तलाश अभियान चलाया, लेकिन उस समय शव नहीं मिला। करीब एक महीने बाद रायबरेली के हरचंदपुर क्षेत्र में इंदिरा नहर से एक महिला का शव बरामद हुआ। परिजनों ने शव की पहचान पूनम के रूप में की। स्थानीय पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

गला दबाकर मौत की नींद सुलाने का आरोप

बताया जा रहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पूनम की मौत दम घुटने से होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट सामने आने के बाद भाई भानु प्रताप सिंह की तहरीर पर बीबीडी थाने में पूनम के पति दीप कुमार सिंह और देवर बलवीर सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। भानु प्रताप सिंह का आरोप है कि पूनम की गला दबाकर हत्या की गई। सबूत मिटाने के लिए शव नहर में फेंक दिया गया। पूनम ने पहले ही बहन को बताया था कि पति उसे धमकी देता था कि वह उसकी हत्या कर दूसरी शादी कर लेगा।

पति के बयान और पोस्टमॉर्टम अलग-अलग

इस मामले की जांच पड़ताल कर रहे इंस्पेक्टर अरविंद कुमार के अनुसार, आरोपी पति का दावा है कि 29 दिसंबर को वह पत्नी के साथ बाइक से बाराबंकी जा रहे थे। रास्ते में इंदिरा नहर के पास पूनम ने बहाने से बाइक रूकवाई। अचानक नहर में छलांग लगा दी। उन्होंने बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। इंस्पेक्टर के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत होने की पुष्टि हुई है। पति के बयान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट बिल्कुल अलग है। इसी वजह से मामले में आगे की जांच के लिए स्टेट मेडिको लीगल सेल से राय मांगी गई है।

हत्या की धाराओं में तब्दील हुई गुमशुदगी

पूनम के लापता होने पर भाई भानु प्रताप सिंह ने दो जनवरी को बीबीडी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अब हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!