August 8, 2026 2:14 am

बीबीडी: गैस रिफिलिंग के दौरान सिलिंडर में लगी आग, चपेट में आकर युवक झुलसा 

अवैध रूप से गैस सिलेंडर में की जा रही थी रिफिलिंग, पुलिस को मौके से 21 सिलेंडर बरामद 

काफी दिनों से चल रहा था अवैध गैस रिफिलिंग का कारोबार, स्थानीय पुलिस रही बेखबर, घटना के बाद पुलिस की टूटी नींद 

नेवाज पुर गांव में हुई घटना का मामला 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। बीबीडी क्षेत्र के जुग्गौर के नेवाज पुर गांव में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए सिलेंडर में आग लगने से हड़कंप मच गया। सिलेंडर से निकली लपट की चपेट में आकर 22 करन सिंह झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गया। गुरुवार सुबह करीब छह बजे हुए हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में घायल को सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही। पुलिस को मौके से छोटे-बड़े 21 सिलेंडर बरामद हुए हैं। इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह के मुताबिक मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।

बीबीडी थाना क्षेत्र स्थित नेवाज पुर गांव निवासी 22 वर्षीय करन सिंह रोज की तरह गुरुवार सुबह छह बजे के करीब मकान के पीछे बने टीन शेड में अवैध गैस रिफिलिंग कर रहा था कि चेक करते समय सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपट ने करन सिंह को अपनी आगोश में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आग की लपट और उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। आग लगने की खबर मिलते ही इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह के मुताबिक छानबीन के बाद पता चला है कि करन काफी दिनों से अपने मकान के पीछे बने टीन शेड में अवैध गैस रिफिलिंग कर रहा था। उन्होंने बताया कि मौके से छोटे-बड़े 21 गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। वहीं खास बात यह है कि करन सिंह पिछले कुछ दिनों से अवैध गैस रिफिलिंग कर गोरखधंधा चला रहा था, लेकिन स्थानीय पुलिस मूकदर्शक बनी रही। इससे साफ है कि कहीं न कहीं करन और स्थानीय पुलिस की मिली भगत से यह गोरखधंधा चल रहा था।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!