राजाजीपुरम क्षेत्र में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। तालकटोरा क्षेत्र के राजाजीपुरम सी ब्लॉक इलाके में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शीतला देवी वार्ड से भाजपा पार्षद अनूप कमल सक्सेना के घर के बाहर मृत गोवंश का सिर और अवशेष पड़े मिले। उननकी पत्नी उठीं तो घर के बाहर यह सब देखकर वह दंग रह गईं। उन्होंने तुरंत परिवार और स्थानीय लोगों को बताया। कुछ ही देर में यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और लोग मौके पर जमा होने लगे। पार्षद मौजूदा समय गुजरात गए हुए है। लोगों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू किया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
फॉरेंसिक टीम और नगर निगम कर्मियों ने मौके से अवशेषों को हटवाया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह किसने और कब किया। पार्षद अनूप कमल सक्सेना इन दिनों नगर निगम के प्रतिनिधिमंडल के साथ गुजरात दौरे पर हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर पार्षद ने इस पूरे प्रकरण की निंदा की और कहा कि यह किसी की सोची-समझी साजिश भी हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। अनूप कमल सक्सेना ने कहा इस तरह की हरकतें समाज में तनाव फैलाने वाली हैं। मैंने पुलिस से शिकायत की है और भरोसा है कि जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे तो घटना देखी। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल जांच में सीसीटीवी फुटेज से सुराग मिलने की उम्मीद है। घटना के बाद से परिवार बुरी तरह से डरा हुआ है। उनका कहना है कि इससे उनकी धार्मिक मान्यता को भी ठेस पहुंची है। वहीं पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी खंगाल आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। पुलिस की 2 टीमें राजफाश करने में जुटी हैं।




