अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के अयोध्या प्रथम आगमन को लेकर पार्टी संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं। वह 12 जनवरी को आएंगे। प्रदेश अध्यक्ष हनुमानगढी व राम मंदिर पहुंचकर दर्शन–पूजन करेंगे।
यहाँ उनके स्वागत के लिए जिले की सीमा से लेकर हनुमानगढ़ी तक कुल 22 स्वागत प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक प्वाइंट पर तोरण द्वार, शंख ध्वनि, पुष्प वर्षा और स्वस्ति वाचन के साथ उनका अभिनंदन किया जाएगा। स्वागत मार्ग पर मानव श्रृंखला बनाई जाएगी तथा हर प्वाइंट पर करीब पांच हजार कार्यकर्ताओं की उपस्थिति का लक्ष्य रखा गया है।
जिले की सीमा पर रामसनेही घाट पेट्रोल पंप, बीपी मवई, कूढ़ा सादात चौराहा, लोहिया पुल, महोली चौधरी चरण सिंह द्वार, मुबारक गंज चौराहा, रौनाही टोल प्लाजा, मगलसी, कोटसराय धर्मकांटा और त्रिमूर्ति होटल सहित कई स्थानों पर स्वागत प्वाइंट बनाए गए हैं। महानगर की सीमा पर सहादतगंज गरुड़ द्वार पर अंबेडकर नगर इकाई द्वारा स्वागत किया जाएगा।
महानगर क्षेत्र में विभिन्न संगठनों और पदाधिकारियों को अलग–अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। हनुमानगढ़ी सहादतगंज पर पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ, कचहरी पर अधिवक्ता एसोसिएशन, पुलिस लाइन तिराहे पर सहकारी बैंक के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू, रिकाबगंज चौराहे पर व्यापार मंडल, नियावां चौराहे पर करियप्पा मंडल, गुदड़ी बाजार पर देवकाली मंडल, रीडगंज तिराहे पर प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा हर्षवर्धन सिंह, उदया चौराहे पर जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, निषादराज चौराहे पर अयोध्या मंडल, राम मंदिर मुख्य द्वार पर पूरा मंडल और श्रृंगार हाट चौराहे पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी के नेतृत्व में स्वागत होगा।
तैयारियों को लेकर सर्किट हाउस में क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र की अध्यक्षता में कोर कमेटी तथा क्षेत्रीय महामंत्री व महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गईं।




