August 8, 2026 2:14 am

मथुरा: एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध हालात में मौत 

दंपति और तीन मासूम बच्चों की एक साथ लाश कमरे में पड़े मिलने से इलाके में फैली सनसनी 

जहरीला पदार्थ खाने या फिर कोई और वजह को लेकर हुई घटना, पुलिस डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट दस्ते के साथ छानबीन करने में जुटी 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। सूबे के मथुरा जिले में मंगलवार सुबह उस समय अचानक सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घर के भीतर दंपति और उनके तीन मासूम बच्चों की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई।

एक साथ पांच लोगों की हुई मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट दस्ते के साथ जांच-पड़ताल शुरू की। परिवार ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी या फिर कोई और वजह। पुलिस अफसरों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि मौत कैसे हुई है।

जानकारी के मुताबिक मथुरा जिले के महावन थाना क्षेत्र स्थित खप्पर पुर गांव निवासी 35 वर्षीय मनीष परिवार के साथ रहते थे।

बताया जा रहा है कि मनीष और परिवार के लोग मंगलवार सुबह काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकले, तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। खिड़की से झांकने पर अंदर का दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का निरक्षण किया तो शवों के पास ही दूध के गिलास पड़े मिले। इससे आंशका जताई जा रही कि मौत का कारण जहरीला पदार्थ हो सकता है, जिसे दूध में मिलाकर दिया गया हो।

आत्महत्या या फिर हत्या, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस के आलाधिकारी अभी इस मामले में खुदकुशी और हत्या दोनों ही बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ जारी है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।

बताया जा रहा है कि मरने वालों की पहचान 35 वर्षीय मनीष, उनकी 32 वर्षीय पत्‍नी सीमा, तीन बच्चों में ढाई वर्षीय पंकज, चार वर्षीय प्रियांशी व पांच वर्षीय हनी के रूप में हुई है। जांच-पड़ताल में जुटे पुलिस अफसरों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। वहीं एक साथ एक ही परिवार के पांच लोगों की हुई मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की छानबीन कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!