126.76 करोड़ की लागत से बनेगा रेल उपरिगामी सेतु, ₹34.43 करोड़ की धनराशि जारी
लखनऊ। मलिहाबाद क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश शासन ने मलिहाबाद क्षेत्र में रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह आरओबी उत्तरी रेलवे खंड पर मलिहाबाद–माल मार्ग स्थित मलिहाबाद और दिलावरनगर रेलवे स्टेशनों के बीच बनाया जाएगा। बुधवार को शासन द्वारा इस परियोजना के लिए ₹34.43 करोड़ की धनराशि जारी करने की भी मंजूरी दे दी गई।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना नाबार्ड वित्त पोषित आरआईडीएफ–31 योजना के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित यह आरओबी दो लेन का होगा, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक सुचारु हो सकेगी।
परियोजना पर ₹126.76 करोड़ होंगे खर्च शासनादेश के अनुसार, इस रेल उपरिगामी सेतु की कुल अनुमानित लागत ₹126.76 करोड़ है, जिसमें रेलवे अंश और राज्यांश दोनों शामिल हैं।
कुल लागत में से—₹2713.24 लाख (78.79 प्रतिशत) नाबार्ड अनुदान से
₹730.40 लाख (21.21 प्रतिशत) राज्यांश से व्यय किए जाएंगे।
जाम और हादसों से मिलेगी राहत
आरओबी के निर्माण से मलिहाबाद क्षेत्र में रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से स्थायी राहत मिलेगी। इसके साथ ही फाटक पर होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी हद तक कम हो जाएगी।
लखनऊ–हरदोई मार्ग पर यातायात सुगम और सुरक्षित होगा, जिससे आम जनता, किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को रोज़ाना आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विकास को मिलेगी गति
रेल उपरिगामी सेतु के निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और मलिहाबाद क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।




