मलिहाबाद। (संवाददाता) रबी सीजन में गेहूं की फसल को समय पर सिंचाई न मिल पाने से मलिहाबाद क्षेत्र के किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। आरोप है कि हर साल की तरह इस बार भी सिंचाई के अहम समय में बड़ी संख्या में सरकारी नलकूप खराब हो गए हैं। इससे हजारों एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल सूखने के कगार पर पहुंच गई है और सैकड़ों किसान परिवारों में चिंता का माहौल है।
किसानों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें निजी नलकूपों से 200 रुपये प्रति घंटा की दर से पानी खरीदकर फसल बचानी पड़ रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और कमजोर हो रही है। विभागीय उदासीनता के चलते लंबे समय से बंद पड़े नलकूपों की मरम्मत नहीं हो सकी है।
रहीमाबाद के खुशहालपुर (भतोइया) स्थित नलकूप संख्या 57 एमबी एक महीने से खराब है, जिससे सैकड़ों एकड़ गेहूं प्रभावित है। बेलवा का नलकूप 31 एमबी मोटर खराब होने से 15 दिनों से बंद है। इसी तरह रामनगर का 106 एमबी, सुरगौला का 129 एमबी और मलिहाबाद के दतली स्थित 146 एमबी नलकूप बजरी के अभाव में लंबे समय से ठप पड़े हैं। किसानों की शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
इस संबंध में उपखंड अधिकारी हरेंद्र कुशवाहा ने बताया कि खराब पड़े नलकूपों को जल्द ठीक कराकर किसानों को राहत दिलाई जाएगी।




