सीतापुर। महोली में बी.आर.सी. कार्यालय के सामने, महाराजा हंसा पासी पार्क में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महाराजा छीता पासी सेवा संस्थान, सीतापुर, उ.प्र. के तत्वावधान में पासी समाज के गौरव महाराजा हंसा पासी जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया।
इस अवसर पर, ग्राम पंचायत बरातपुर से प्रधान पद के भावी प्रत्याशी चौधरी आशीष कुमार ने अपनी ओर से वक्तव्य जारी कर इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि “आज महोली में महाराजा हंसा पासी जी की प्रतिमा का अनावरण होना पूरे जिला सीतापुर के लिए एक गर्व का क्षण है। मैं स्वयं और ग्राम पंचायत बरातपुर की समस्त जनता महाराजा छीता पासी सेवा संस्थान को इस शानदार पहल के लिए बधाई देती है। यह केवल एक प्रतिमा का अनावरण नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज के उस गौरवशाली इतिहास को याद करने और भावी पीढ़ियों तक पहुँचाने का एक प्रयास है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता।”
“इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विधायक महोली श्री शशांक त्रिवेदी जी और विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख महोली श्री जगदीश प्रसाद भार्गव जी की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया है। मैं उनके द्वारा किए जा रहे समाज हित के कार्यों का अभिनंदन करता हूँ।”
“हम सब जानते हैं कि महाराजा हंसा पासी जी ने महोली को बसाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका शौर्य और पराक्रम आज भी हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है। यह प्रतिमा हम सभी को समाज के प्रति अपने कर्तव्यों और एकजुटता की याद दिलाती रहेगी। मैं इस ऐतिहासिक दिन के लिए सभी आयोजकों और उपस्थित महानुभावों को हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ।”
चौधरी आशीष कुमार जी ने अंत में कहा कि वह आशा करते हैं कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे, जो हमारे इतिहास को सम्मान दें और समाज को एकजुट करने का कार्य करें।




