लखनऊ। महिलाओं को जागरूक करने के लिए मिशन शक्ति की टीम लगातार अभियान चला रही है। आधी आबादी की सुनवाई के लिए राजधानी के हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र बनाया गया है। 16 दिसंबर को सभी केंद्रों का सीयूजी नंबर भी जारी किया गया था, जिस पर महिलाएं शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
मिशन शक्ति टीम अलग-अलग इलाकों में जाकर महिलाओं को जागरूक कर रही है। उन्हें अपराध के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। स्कूल और कॉलेजों में छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मिशन शक्ति 5 अभियान के तहत बीते दिनों बंथरा पुलिस ने लतीफनगर स्थित स्कूल में महिला हेल्प डेस्क, पिंक बूथ और हेल्पलाइन नंबर के बारे में बताया। रहीमाबाद पुलिस ने भी छात्राओं को पिंक स्कूटी के बारे में जानकारी दी।
उधर, चिनहट पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हौर में जागरूकता अभियान चलाया। बीकेटी स्थित महिला थाना की टीम ने भ्रमण कर महिलाओं को आपात स्थिति में काम आने वाले नंबरों की जानकारी दी। अलीगंज पुलिस ने मंगलवार को आचंलिक विज्ञान केंद्र में बालिकाओं को उनके भविष्य के प्रति आत्मनिर्भर रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्राओं को गुड और बैड टच के बारे में भी बताया गया।




