August 8, 2026 2:25 am

मामूली कहासुनी के बाद एक व्यक्ति की सिर में चोट लगने से संदिग्ध हालात में मौत, आरोपी हिरासत में

चिनहट के कमता क्षेत्र में हुई घटना का मामला

ए.अहमद सौदागर लखनऊ। चिनहट क्षेत्र के कमता के पास सोमवार देर शाम मामूली कहासुनी के बाद एक व्यक्ति की सिर में चोट लगने से संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इस मामले में पुलिस ने हमला करने वाले आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
इंस्पेक्टर चिनहट के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर इसकी सूचना घरवालों को दे दी गई है।

इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक सोमवार देर शाम डायल 112 के जरिए सूचना मिली कि एक व्यक्ति कमता क्षेत्र स्थित सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा है। इस सूचना पर इंस्पेक्टर चिनहट और चौकी प्रभारी कमता नवनीत मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर का कहना है कि मामले की छानबीन की गई तो मृतक की पहचान उन्नाव जिले माखी थाना क्षेत्र स्थित लोटापुर गांव निवासी 41 वर्षीय सुनील दीक्षित के रूप में हुई और वह कमता क्षेत्र में रहने वाले रामदुलारे के मकान में किराए पर रहता था।

इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाला गया तो एक युवक संदिग्ध हालात में दिखाई दे रहा था। इस पर पुलिस सक्रिय हुई और कमता के शिव मंदिर के पास रहने वाले 26 वर्षीय साजन कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो पता चला कि साजन कुमार और मृतक सुनील दीक्षित शराब पीने के बाद दोनों के बीच गाली-गलौज हुई तभी साजन ने धक्का दे दिया। धक्का लगते सुनील गिर गया, जिससे गंभीर चोट लगते ही सुनील लहुलुहान हो गया। इंस्पेक्टर चिनहट के मुताबिक आरोपी साजन कुमार को हिरासत में ले लिया गया और घरवालों की तरफ से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!