मलिहाबाद लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र के इमैनुएल स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने मंगलवार
दोपहर में थाना रहीमाबाद का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली, थाना संचालन व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका के बारे में मिशन शक्ति के तहत कार्यक्रम विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने बच्चों को बताया कि किस प्रकार आम जनता की शिकायतों को दर्ज कर उनकी जांच की जाती है तथा अपराध नियंत्रण के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जाता है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार त्रिगुणायक ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें कानून का सम्मान करने, यातायात नियमों का पालन करने और समाज में जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख दी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।
भ्रमण के दौरान बच्चों को थाना परिसर का निरीक्षण भी कराया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को सूक्ष्म जलपान कराया गया और आपसी परिचय के बाद उन्हें शुभकामनाओं सहित विदा किया गया। बच्चों ने इस अनुभव को रोचक और ज्ञानवर्धक बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।




