मलिहाबाद, लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी के रहीमाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दौलतपुर में बुधवार की सुबह एक 19 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान अजय (19 वर्ष), पुत्र बीकान के रूप में हुई है। बुधवार की सुबह जब अजय दोपहर तक अपने बिस्तर से नहीं उठा, तो परिजनों को चिंता हुई। कमरे के अंदर जाकर देखने पर परिजनों के होश उड़ गए; अजय का शव रस्सी के सहारे फंदे से लटक रहा था। आनन-फानन में इसकी सूचना रहीमाबाद पुलिस को दी गई।
मृतक के बड़े भाई विजय ने बताया कि अजय अक्सर मोबाइल के जरिए किसी लड़की से बात करता था। इस बात को लेकर घरवालों ने उसे कई बार डांट-फटकार लगाई थी। परिजनों के अनुसार, डांट के बाद से ही वह पिछले कुछ दिनों से काफी गुमसुम रहने लगा था। अंदेशा जताया जा रहा है कि इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
मृतक तीन भाइयों में मंझला था। बड़े भाई का नाम विजय और सबसे छोटे भाई का नाम गोलू है। अजय की मौत से पिता बीकान और माता केतकी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
रहीमाबाद थाना इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने बताया कि “प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”




