पुलिस ने डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते के साथ की गहन चेकिंग
ई-मेल के जरिए मिली धमकी, पुलिस जांच में जुटी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी सहित 19 जिलों की कचहरी को बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल से हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही कचहरी परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया है। इस घटना के मद्देनजर पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कचहरी को वकीलों व वादकारियों से खाली कराया जा रहा है।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है।
धमकी भरे ईमेल की जांच की जा रही है कि यह किसने और क्यों भेजा है। सीजेएम ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल ली है। सीओ सिटी सहित काफी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। फिलहाल, किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
सूत्रों का कहना है कि धमकी भरा मेल जिला जज की मेल आईडी पर आया था। हिंदी में लिखे गए मेल में कहा गया था कि आज दोपहर डेढ़ बजे जुम्मे के बाद कचहरी को बम से उड़ा दिया जाएगा। बच सको तो बच लो।
सिविल कोर्ट में चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन
लखनऊ के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिलने के बाद कोर्ट परिसर में जांच और सुरक्षा एजेंसीयां पहुंची हैं। स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर अफसर मौजूद हैं। एलआईयू, बीडीडीएस और डॉग स्क्वाड के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कोर्ट के सभी एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर सुरक्षाकर्मी सतर्क हो गए है। फिलहाल कोर्ट का कामकाज रोक दिया गया है और कैसरबाग स्थित सिविल कोर्ट में ढूंढने के लिए फोर्स सर्च ऑपरेशन चला रही है।
कचहरी परिसरों में मची भगदड़
भारी संख्या में पुलिस को बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को देख कचहरी में तब भगदड़ मच गई जब वहां मौजूद अधिवक्ताओं और लोगों को बम होने की सूचना मिली। पुलिस ने आनन-फानन में जगह खाली कराते हुए सघन चेकिंग की और जब कुछ नहीं मिला तो पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।




