बचाने के लिए दौड़ी मां – बहन व भाई को भी पीट-पीटकर किया लहुलुहान
नामजद रिपोर्ट दर्ज, पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बेखौफ हमलावरों का आतंक थम नहीं रहा है। रहीमाबाद थाना क्षेत्र में काफी दिनों से दो पक्षों के बीच चली आ रही रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप अख्तियार कर लिया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक के ऊपर उस समय जानलेवा हमला कर दिया, जब वह मस्जिद से नमाज पढ़कर निकला था। हमलावरों ने घेर कर युवक को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। बेटे के ऊपर हमला होता देख मां-बहन व भाई बचाने के लिए दौड़े तो दबंगों ने उन्हें भी जमकर पीटा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
रहीमाबाद थाना क्षेत्र स्थित हुसैनपुर गांव निवासी रेहान पुत्र सुल्तान परिवार के साथ रहते हैं। रेहान का आरोप है कि बीती 19 फरवरी 2025 को वह नमाज अदा करने के बाद घर जा रहे थे कि इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे उपरोक्त निवासी जब्बार, सोफियान, नावेद सहित आठ-दस लोगों ने रेहान को घेर लिया। रेहान कुछ समझ पाते कि हमलावरों ने ताबड़तोड़ लाठी-डंडों व ईंट से वारकर कर दिया। चीख-पुकार सुनकर घर में मौजूद रेहान की मां-बहन व भाई बचाने के लिए दौड़े तो दबंगों ने उन्हें भी जान से मारने की पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।




