August 8, 2026 2:30 am

लखनऊ में ICSI के नए भवन की नींव, सुशासन और प्रोफेशनल एक्सीलेंस की ओर बड़ा कदम

लखनऊ। गोमती नगर में जल्द ही कॉरपोरेट गवर्नेंस और प्रोफेशनल उत्कृष्टता का नया केंद्र आकार लेगा। इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (ICSI) की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल (NIRC) के लखनऊ चैप्टर ने अपने प्रस्तावित नवीन भवन के भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह का आयोजन मैक्स हॉस्पिटल के निकट किया। कार्यक्रम में शासन, संस्थान और प्रोफेशनल जगत की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को खास बना दिया।

समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक रहे, जबकि ICSI के अध्यक्ष सीएस धनंजय शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन के साथ लखनऊ चैप्टर की वर्षों पुरानी परिकल्पना को औपचारिक रूप से नई दिशा मिली।

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और आर्थिक विकास में सशक्त व्यावसायिक संस्थानों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि कंपनी सेक्रेटरी जैसे प्रोफेशनल्स नीति निर्माण से लेकर क्रियान्वयन तक शासन व्यवस्था को मजबूती देते हैं। उनकी मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि राज्य सरकार ऐसे संस्थागत निर्माण प्रयासों के साथ मजबूती से खड़ी है।

ICSI अध्यक्ष सीएस धनंजय शुक्ला ने कहा कि मजबूत अवसंरचना ही भविष्य के लिए तैयार सुशासन पेशेवरों की नींव होती है। प्रस्तावित भवन को केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि व्यावसायिक उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण कार्यक्रम और सतत प्रोफेशनल डेवलपमेंट को बढ़ावा मिलेगा।

लगभग 10 हजार वर्ग फुट भूमि क्षेत्र में बनने वाला यह भवन लखनऊ चैप्टर के 500 से अधिक सदस्यों और 3 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक व प्रोफेशनल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इससे न केवल लखनऊ, बल्कि पूरे क्षेत्र में कंपनी सेक्रेटरी पेशे को नई मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में 100 से अधिक सदस्य और विद्यार्थी मौजूद रहे। उत्साह, गर्व और सामूहिक उपलब्धि की भावना साफ झलक रही थी। लखनऊ चैप्टर की प्रबंध समिति ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि के प्रति आभार जताते हुए इसे संस्थान की यात्रा का ऐतिहासिक और प्रेरणादायी पड़ाव बताया।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!