न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय के लोक प्रशासन विभाग में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अटल सुशासन पीठ, लोक प्रशासन विभाग की ओर से 25 दिसंबर 2025 को अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लखनऊ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मनुका खन्ना रहीं। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्रनिर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर अटल सुशासन पीठ के संयोजक एवं लोक प्रशासन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. नंद लाल भारती ने भी अटल जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में विभाग के शिक्षकगण डॉ. वैशाली सक्सेना गुप्ता एवं डॉ. सुशील सिंह चौहान सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। लोक प्रशासन विभाग के छात्र-छात्राओं ने भी अटल जी को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, उनके सुशासन मॉडल और राष्ट्रहित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि अटल जी का जीवन, विचार और नेतृत्व आज भी युवाओं और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।
अंत में प्रो. नंद लाल भारती ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्रों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अटल सुशासन पीठ अटल जी के विचारों को अकादमिक और सामाजिक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।




