41 मोबाइल फोन, दो टैब, दो अवैध असलहा, कारतूस, एक रिवाल्वर व भारी मात्रा में कारतूस के अलावा एक कार व दो मोटरसाइकिलें बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। 22 फरवरी 2026 को जानकीपुरम गार्डन निवासी अभिषेक चौधरी की मोबाइल फोन की दुकान का शटर काटकर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा कर क्राइम ब्रांच व मड़ियांव पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इनके पास से चोरी के 41 मोबाइल फोन, दो टैब, अवैध असलहा, कारतूस के अलावा वरना कार व दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई है। पुलिस का दावा है कि इसी गिरोह ने अभिषेक चौधरी की दुकान में चोरी की थी।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र के मुताबिक पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर उनकी टीम बदमाशों की तलाश में जुटी थी। उन्होंने बताया कि उनकी टीम मंगलवार को क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी कि इसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग लोखड़िया मोड़ के पास मौजूद हैं। इस सूचना पर इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेरेबंदी कर मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम बहराइच निवासी अमन, ठाकुरगंज निवासी मोहम्मद जीशान, ठाकुरगंज निवासी अजमत अली व तालकटोरा निवासी समीर उर्फ डाबर बताया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि इनका एक संगठित गिरोह है जो दुकानों में चोरी करने के बाद यह लोग चोरी का सामान नेपाल ले जाकर बेचने की बात स्वीकार किया है। बताया जा रहा है पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि यह लोग अवैध असलहा साथ रखते हैं ताकि पकड़े जाने पर हमला कर भाग निकलते हैं। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह में कितने लोग और शामिल हैं इसके बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है।




