लखनऊ। रूमी गेट के पास नवविकसित फूड कोर्ट के पास अब इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनेगा। इससे एक तरफ जहां प्रदूषण रहित यातायात को बढ़ावा मिलेगा, वहीं शहर में ईवी इस्तेमाल करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।
बुधवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने हुसैनाबाद क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने फूड कोर्ट के पास ईवी चार्जिंग स्टेशन के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही उपाध्यक्ष ने घंटाघर के पास बन रही ‘लजीज गली’ का भी जायजा लिया।
‘लजीज गली’ को खासतौर पर हेरिटेज लुक में तैयार किया जा रहा है, जहां 15 से 20 कियोस्क बनेंगे। इन कियोस्क में लखनऊ के मशहूर व्यंजन परोसे जाएंगे। यह जगह न केवल शहरवासियों को आकर्षित करेगी, बल्कि यहां आने वाले पर्यटकों के लिए भी खाने-पीने का हॉटस्पॉट बनेगी।




