July 28, 2026 7:41 pm

श्री बड़ी काली जी मंदिर में 7 दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 15 जनवरी से

लखनऊ। चौक स्थित श्री बड़ी काली जी मंदिर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ 15 जनवरी से कलश यात्रा के साथ किया जाएगा।इस संबंध में महिला मंडल समिति की ओर से आज बैठक की गई।

महिला मंडल समिति की लक्ष्मी अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार से मठ श्री बड़ी काली जी मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। पहले दिन दोपहर 1 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसमें भक्तजन कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे।

मठ श्री बड़ी काली जी मंदिर के प्रबंधक देवराज सिंह ने बताया कि यह मंदिर करीब ढाई से तीन हजार वर्ष पुराना ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है, जिसकी अपनी विशेष धार्मिक मान्यता है। उन्होंने यह भी बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का वाचन बाल कथा वाचक राघव दास द्वारा किया जाएगा। कलश यात्रा महिला मंडल के नेतृत्व में निकाली जाएगी, जिसमें मंदिर से जुड़ी सैकड़ों सक्रिय महिलाएं शामिल होंगी और हजारों महिलाओं का नेतृत्व करेंगी।कथा के दौरान विभिन्न दिनों में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां भी शामिल होंगी।

प्रबंधक देवराज सिंह ने बताया कलश यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। डीजे, बैंड-बाजे और भक्ति संगीत के साथ श्रद्धालु नृत्य करते हुए यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा मठ श्री बड़ी काली जी मंदिर से प्रारंभ होकर कोनेश्वर मंदिर, चौक होते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न होगी। आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के समापन के बाद 21 तारीख को यज्ञ पूर्णाहुति और 22 तारीख को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन मंदिर परिसर में हिंदू सम्मेलन का आयोजन भी होगा।

62
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!