July 30, 2026 3:05 am

सर्वलोकहित चैरिटेबल ट्रस्ट ऑफ इंडिया चलाएगा ‘गाँव-गाँव शिक्षा अभियान’

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में शिक्षा को सशक्त आधार प्रदान करने के उद्देश्य से सर्वलोकहित चैरिटेबल ट्रस्ट ऑफ इंडिया द्वारा पूरे प्रदेश में ‘गाँव-गाँव शिक्षा अभियान’ चलाने की घोषणा की गई है। यह अभियान प्रदेश के प्रत्येक ज़िले और गाँव तक पहुँचकर शिक्षा से वंचित बच्चों को मुख्यधारा में जोड़ने का एक व्यापक और दूरदर्शी प्रयास होगा।

इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक गाँव में निःशुल्क कोचिंग सेंटर की स्थापना की जाएगी। इन केंद्रों के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद बच्चों को पाठ्य सामग्री, सहायक किताबें और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा और उन्हें सरकारी शिक्षा योजनाओं की जानकारी भी जन-जन तक पहुँचाई जाएगी।

ट्रस्ट का मानना है कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत विकास का साधन नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। जब तक गाँव का अंतिम बच्चा शिक्षित नहीं होगा, तब तक समग्र विकास की परिकल्पना अधूरी रहेगी।

संस्था के अध्यक्ष सूरज कुमार मौर्य ने बताया कि यह अभियान किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। इसके सफल क्रियान्वयन हेतु स्थानीय प्रशासन, शिक्षा विभाग, समाजसेवियों और जनसामान्य का सहयोग लिया जाएगा।

सर्वलोकहित चैरिटेबल ट्रस्ट ऑफ इंडिया का उद्देश्य है कि उत्तर प्रदेश का प्रत्येक गाँव शिक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने और कोई भी बच्चा गरीबी, जानकारी के अभाव या सामाजिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे। ट्रस्ट शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में निरंतर और समर्पित भाव से कार्य कर रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!