August 8, 2026 2:15 am

सीएम योगी के सीतापुर दौरे पर पुलिस प्रशासन अलर्ट, आईजी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

ए अहमद सौदागर लखनऊ। सीतापुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोमवार को संभावित दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में लखनऊ जोन की आईजी किरण एस शनिवार शाम सीतापुर पहुंचे, और उन्होंने हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

आईजी किरण एस ने जीआईसी मैदान में बनाए गए हेलीपैड का जायजा लेने के बाद सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल तपोधाम आश्रम तक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग में पड़ने वाले सभी कट्स, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने वाले मार्ग पर पड़ने वाले कट्स को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। साथ ही सड़क किनारे स्थित मकानों की छतों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके। इसके अलावा ड्रोन और सीसीटीवी के माध्यम से भी निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।

आईजी किरण एस ने पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारी समय से पहले मौके पर पहुंचकर अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण किया जाए।

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!